WELCOME TO WHRRC WHATSAPP HELPLINE +91 8510888811
JOIN US
WhatsApp

दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश मिश्रा विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में लेंगे भाग

News

Posted by WHRRC | July 08, 2026

दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश मिश्रा विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में लेंगे भाग

विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् (WHRRC) द्वारा संगठन के सदस्यों के ज्ञान, कौशल एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से दिनांक 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं फिल्म निर्माता श्री राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट मार्गदर्शक के रूप में सहभागिता करेंगे। उनके दीर्घकालीन अनुभव एवं व्यावहारिक ज्ञान का लाभ परिषद् के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा प्रतिभागियों को प्राप्त होगा।

श्री राजेश मिश्रा देश के प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ पत्रकारों में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। दूरदर्शन में लंबे समय तक सेवाएँ देने के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय महत्व, सामाजिक सरोकारों तथा जनहित से जुड़े अनेक विषयों को निष्पक्ष एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी संवेदनशीलता, तथ्यपरक दृष्टिकोण तथा सामाजिक प्रतिबद्धता उन्हें देश के सम्मानित मीडिया व्यक्तित्वों में स्थान दिलाती है।

पत्रकारिता के अतिरिक्त साहित्य एवं फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। स्वास्थ्य, समाज एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित उनकी चर्चित फिल्मों ‘नई राह’, ‘एक जीवन’, ‘खोज-ख़बर’ तथा ‘मैन ऑफ़ इवोल्यूशन’ को व्यापक सराहना प्राप्त हुई है। एक लेखक के रूप में उनकी प्रमुख कृतियों में ‘जनता के राष्ट्रपति (डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम)’, ‘हाई-टेक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी’, ‘कोविड-19: सदी की त्रासदी’, ‘सुशीला वर्मा की कहानियाँ’ तथा आत्मकथात्मक पुस्तक ‘जागी आँखों के सपने’ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान श्री राजेश मिश्रा प्रतिभागियों को राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका, AI और मानवीय बुद्धि एवं नेतृत्व विकास और संवाद कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके अनुभव प्रतिभागियों को समाज सेवा एवं मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।

परिषद् के पदाधिकारियों ने बताया कि किसी अनुभवी एवं प्रतिष्ठित मीडिया विशेषज्ञ का मार्गदर्शन संगठन के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नई दिशा प्रदान करेगा। उनका मानना है कि यह प्रशिक्षण सत्र सदस्यों के बौद्धिक एवं व्यावहारिक विकास के साथ-साथ संगठन की कार्यक्षमता को भी सुदृढ़ बनाएगा तथा मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी नेतृत्व तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह तीन दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् के सभी सदस्य इसमें सहभागिता कर सकते हैं। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि श्री राजेश मिश्रा प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। इसके उपरांत परिषद् द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।

प्रशिक्षण सत्र में ऑनलाइन सहभागिता हेतु मीटिंग लिंक परिषद् के आधिकारिक WhatsApp Channel एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए परिषद् की व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8510888811 पर संपर्क किया जा सकता है।



← Back to News
Latest Member
ONLINE USER 33